Adityapur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित फुटबॉल मैदान में लगे दुर्गा पूजा के मेले में चोरी की घटना सामने आई है। बीती रात पूजा पंडाल के मंच के समीप एक दर्जन से भी अधिक श्रद्धालुओं ने मोबाइल और लेडीज पर्स चोरी होने की शिकायत की है।
मेले में सुरक्षा के इंतजाम सही से नहीं है
इस घटना से श्रद्धालुओं में काफी आक्रोश है और उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मेले में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और वालंटियर्स की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। सीसीटीवी कैमरा नहीं लगना चोरों के हौसले बढ़ा रहा है।
जिला प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
पूजा समिति के सदस्यों ने भी इस घटना की निंदा की है और जिला प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की है। मजिस्ट्रेट प्रवीण कुमार ने कहा है कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद होकर काम कर रही है, लेकिन कुछ पूजा समितियों के वालंटियर अपना कार्य उचित तरह से निर्वहन नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण इस तरह की घटना हो रही है।
मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर पूजा समितियां अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाती हैं तो मेले में लगे झूले बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा ही पहली प्राथमिकता है और लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है ?
फुटबॉल मैदान में लगे मेले से पूजा समितियों को अच्छी खासी रकम प्राप्त होती है और उनका दायित्व है कि अपने वालंटियर को सक्रिय कर चोरी पर लगाम लगाएं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।