Jharkhand Weather Update: झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. मौसम विभाग ने रविवार के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, रांची समेत दक्षिणी झारखंड में सोमवार से आसमान साफ होने के आसार जताए गए हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, इसके बाद प्रदेश के लोगों को बारिश से राहत मिलने की संभावना है. बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने न केवल जनजीवन को प्रभावित किया है बल्कि तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है.
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना अति गहरा निम्न दबाव क्षेत्र अब ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया है. इस सिस्टम के असर से संताल परगना, गिरिडीह, हजारीबाग, धनबाद, कोडरमा, चतरा, बोकारो और गढ़वा समेत करीब 10 जिलों में आज कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, रांची और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा गढ़वा में 185 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा रामगढ़ में 45 मिमी और रांची में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई. भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव, पेड़ों के गिरने और यातायात प्रभावित होने की भी खबरें आ रही हैं.
मौसम में आई ठंडक, राहत में भी परेशानी
तीन से चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल गया है. तेज हवाओं और बारिश की वजह से तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. एक हफ्ता पहले तक पड़ रही भीषण गर्मी से जहां लोगों को राहत मिली है, वहीं अब लगातार भीगते घरों और गलियों ने आम जनजीवन को मुश्किल में डाल दिया है.
मौसम विभाग का कहना है कि रविवार तक झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है. इसके बाद धीरे-धीरे मौसम के साफ होने के आसार हैं.
जानलेवा साबित हो रहा मॉनसून
झारखंड में इस साल का मॉनसून अब तक काल साबित हुआ है. भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है. कई जगहों पर घर गिरने, दीवार ढहने और पानी में डूबने से भी मौतें हुई हैं. लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचाया है, वहीं शहरी क्षेत्रों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
मौसम विभाग की अपील
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें, और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.
झारखंड में फिलहाल राहत की उम्मीद सोमवार से है, लेकिन तब तक बारिश की मार से प्रदेश के कई हिस्सों में हाल बेहाल बना हुआ है.