Ranchi News: गोमिया प्रखंड के गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी, जो बीते 2 अक्टूबर से रहस्यमय तरीके से लापता थीं, आखिरकार मिल गई हैं. बोकारो पुलिस ने रांची पुलिस की सहायता से सपना कुमारी को रांची से बरामद किया है. मुखिया के लापता होने के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज थीं, वहीं अब उनके मिलने से मामला नए मोड़ पर पहुंच गया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सपना कुमारी को रांची से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को पुलिस उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करेगी, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों का कहना है कि मुखिया सपना कुमारी कोर्ट में जो बयान देंगी, उसी से इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी. फिलहाल पुलिस ने इस प्रकरण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
गौरतलब है कि 2 अक्टूबर से मुखिया के रहस्यमय तरीके से गायब होने के बाद परिवार और ग्रामीणों में भारी चिंता का माहौल था. लगातार तीन दिनों की तलाशी के बाद पुलिस को सफलता मिली और अब सभी की निगाहें कोर्ट में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं.
क्या मुखिया की गुमशुदगी के पीछे कोई व्यक्तिगत कारण था या कोई साजिश, इसका जवाब अब सपना कुमारी के बयान से ही साफ होगा.