Saraikela: आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया बाजार में रविवार देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब बेचने के आरोप में बापी दास नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में की गई।
लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार
जानकारी के अनुसार गम्हरिया बाजार में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा था। इस अवैध धंधे में बापी दास का नाम बार-बार सामने आ रहा था। बताया जा रहा है कि अवैध शराब बेचकर बापी दास ने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है और हाल ही में उसने एक करोड़ों रुपये के फ्लैट की रजिस्ट्री भी कराई है।
उत्पाद विभाग की टीम की छापेमारी
उपायुक्त को लंबे समय से गम्हरिया बाजार में अवैध शराब के कारोबार की सूचना मिल रही थी। जानकारी के आधार पर देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी की और बापी दास को रंगे हाथ अवैध महुआ शराब बेचते हुए पकड़ लिया। मौके से भारी मात्रा में शराब और संबंधित सामग्री भी जब्त की गई है।
स्थानीय लोगों ने कहा
स्थानीय लोगों का कहना है कि बापी दास को पहले से ही कुछ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त था, जिसके चलते वह कई बार कार्रवाई से बच निकलता था। लेकिन इस बार उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।