Jamshedpur News: स्वर्गीय रतन टाटा की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को "हिन्द एकता" सामाजिक संस्था की ओर से जमशेदपुर ब्लड बैंक परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. इस शिविर में कुल 71 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ, जिसे जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा.
यह आयोजन झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता और संगठन के प्रमुख सिमरन सिंह भाटिया के नेतृत्व में हुआ. रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए पोटका के झामुमो विधायक संजीव सरदार, झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, टाटा मोटर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते, विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि धर्मेंद्र प्रसाद, जदयू युवा जिला अध्यक्ष नीरज सिंह, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, भाजपा नेता शिंदे सिंह, जंबो अखाड़ा के बंटी सिंह, युवा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू, कांग्रेस जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, कांग्रेस नेता रईस, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, पूर्व महासचिव दमनप्रीत सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन प्रतिनिधि मौजूद रहे.
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय धर्म है, जो किसी जरूरतमंद को नई जिंदगी देता है. वहीं झामुमो प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने स्वर्गीय रतन टाटा को देश का औद्योगिक स्तंभ बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में टाटा घराने का योगदान अतुलनीय रहा है. उनकी पुण्यतिथि पर इस तरह का सामाजिक आयोजन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है.
शिविर की सफलता में जमशेदपुर ब्लड बैंक की मेडिकल और टेक्निकल टीम सहित जीशान, रवि और अन्य सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा. अंत में सिमरन भाटिया ने सभी सहयोगियों और रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया.