सटीक सूचना पर की गई कार्रवाई
रांची ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि अपराधियों के जमा होने की गुप्त सूचना मिलने पर ठाकुर गांव, खलारी और रातू थाना क्षेत्र की सीमा पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया, जबकि दो अन्य को दौड़ाकर पकड़ा गया।
हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। मौके से आठ पिस्टल और दर्जनों कारतूस मिले हैं। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है ताकि जब्त हथियारों की फोरेंसिक जांच की जा सके।
घायलों की पहचान
जिन दो अपराधियों को गोली लगी है, उनकी पहचान साजन अंसारी और अमित गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। वहीं, गिरफ्तार दो अन्य से पुलिस पूछताछ कर रही है।
कोयला क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर भिड़ंत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अमन साहू के मारे जाने के बाद राहुल दुबे ने गैंग की कमान संभाल ली थी। हाल के दिनों में कोयलांचल क्षेत्र में वसूली बंद हो गई थी। दुबारा खौफ कायम करने के लिए ही गैंग के सदस्य हथियारों से लैस होकर निकले थे, लेकिन पुलिस को भनक लग गई और चार थानों की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर उन्हें घेर लिया।
चार थानों की टीम ने किया एनकाउंटर
ठाकुर गांव की सीमा पर पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हुआ। अपराधियों ने फायरिंग शुरू की तो पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए और दो अन्य भागते समय पकड़े गए। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है।