Jamshedpur News: जमशेदपुर में बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो चुकी है. शहर में दो बड़े एक्सप्रेस-वे और एक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है, जो नेशनल हाईवे 33 को सीधे कोलकाता-मुंबई हाईवे से जोड़ेगा. कुल मिलाकर इन दोनों परियोजनाओं की लंबाई लगभग 109 किलोमीटर होगी. इसके साथ ही ओडिशा के तांगाबिल तक एक लंबा एक्सप्रेस हाईवे भी तैयार किया जाएगा, जहां ये दोनों मार्ग कोलकाता-मुंबई हाईवे से जुड़ जाएंगे.
पहला एक्सप्रेस-वे मुखियाडांगा के पास से शुरू होकर शहर के ऊपर से एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में टाटानगर रेलवे स्टेशन के पार उतरेगा. इसके बाद इसे आगे एक्सप्रेस हाईवे के रूप में विस्तारित किया जाएगा. दूसरा एक्सप्रेस-वे सरायकेला जिले के कांदरबेड़ा के पास से शुरू होगा, जो आदित्यपुर होते हुए हल्दीपोखर के पास पहले एक्सप्रेस-वे से आकर मिलेगा. दोनों एक्सप्रेस-वे और एलिवेटेड कॉरिडोर एनएचएआई की भारत माला परियोजना का हिस्सा हैं. कांदरबेड़ा से हल्दीपोखर तक के हिस्से का सर्वे पूरा कर प्रस्ताव एनएचएआई को भेजा जा चुका है और अब उसका डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार किया जा रहा है. जबकि मुखियाडांगा से तांगाबिल वाले हिस्से का सर्वे अभी बाकी है, जो जल्द शुरू किया जाएगा.
कांदरबेड़ा से हल्दीपोखर तक 109 किमी का एक्सप्रेस-वे
एनएच 33 पर कांदरबेड़ा के पास से शुरू होने वाला यह प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे आदित्यपुर से गुजरते हुए हल्दीपोखर के पश्चिम तक पहुंचेगा, जहां यह मुख्य एक्सप्रेस-वे में जुड़ जाएगा. 109 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के बनने से एनएच 33 के वाहनों को मुंबई जाने के लिए सीधा कोलकाता-मुंबई हाईवे का विकल्प मिलेगा. साथ ही ओडिशा की ओर जाने वालों को भी यह मार्ग काफी सुविधा प्रदान करेगा.
आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया के ऊपर 4.5 किमी का एलिवेटेड कॉरिडोर
कांदरबेड़ा-हल्दीपोखर एक्सप्रेस-वे जैसे ही आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया की सीमा में प्रवेश करेगा, वहां से एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण शुरू होगा. इस कॉरिडोर को इंडस्ट्रियल एरिया के ऊपर करीब साढ़े चार किलोमीटर तक बनाया जाएगा. इस हिस्से में तीन प्रमुख स्थानों पर रैंप तैयार किए जाएंगे, जिनमें एक सीतारामपुर डैम के पास होगा.
जमशेदपुर में 50 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे और 11 किमी का एलिवेटेड कॉरिडोर
मुखियाडांगा से तांगाबिल तक प्रस्तावित यह एक्सप्रेस-वे लगभग 50 किलोमीटर लंबा होगा, जो हल्दीपोखर के रास्ते तांगाबिल तक पहुंचेगा. इससे जमशेदपुर से निकलने वाले यात्रियों को कोलकाता-मुंबई हाईवे तक पहुंचने में ट्रैफिक की कोई दिक्कत नहीं होगी. शहर के अंदर एलिवेटेड कॉरिडोर मुखियाडांगा से शुरू होकर टाटानगर रेलवे स्टेशन के पार जाकर जमीन पर उतरेगा. इस एलिवेटेड हिस्से की लंबाई करीब 11 किलोमीटर होगी.
जमशेदपुर में तीन स्थानों पर रैंप की सुविधा
मुखियाडांगा-तांगाबिल एक्सप्रेस हाईवे पर जमशेदपुर में तीन रणनीतिक स्थानों पर रैंप बनाए जाएंगे. ये रैंप गोलमुरी, सुनसुनियागेट और लिट्टी चौक के पास होंगे. इससे स्थानीय लोगों को एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने और उतरने में आसानी होगी. शहर के किसी भी हिस्से से लोग सीधे इन रैंप के माध्यम से एक्सप्रेस-वे से जुड़ सकेंगे.
यह पूरा प्रोजेक्ट जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के लिए एक महत्वपूर्ण परिवर्तन साबित हो सकता है. औद्योगिक क्षेत्रों, शहर और बाहरी राज्यों के बीच तेज़ और निर्बाध संपर्क स्थापित होने से न केवल यातायात में सुगमता आएगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा. एनएचएआई द्वारा डीपीआर और डिजाइन तैयार होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद की जा रही है.