Jharkhand News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी सक्रियता का संकेत देते हुए दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया है. शुक्रवार शाम को हुए आईईडी धमाके में CRPF के एक इंस्पेक्टर सहित तीन जवान घायल हो गए. इसके साथ ही नक्सलियों ने एक अन्य स्थान पर विस्फोट कर एक पुलिया को भी उड़ाया.
यह हमला जराईकेला थाना क्षेत्र के सामठा के बाबूडेरा इलाके में उस समय हुआ जब जिला पुलिस, CRPF और अन्य सुरक्षाबल संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे. अचानक हुए आईईडी ब्लास्ट में CRPF 60 बटालियन के इंस्पेक्टर केके मिश्रा घायल हो गए. उनके साथ जवान रामकृष्ण घाघराई और मंटू कुमार भी घायल हुए.
घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवानों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
इसी बीच खबर यह भी सामने आई कि नक्सलियों ने उसी अभियान क्षेत्र में एक अन्य जगह पर लैंडमाइन विस्फोट कर एक पुलिया उड़ाई. हालांकि इस दूसरी घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और नक्सलियों की तलाश जारी है.