Saraikela: सरायकेला जिले के कपाली ओपी प्रभारी पर जप्त लक्जरी वाहन के निजी उपयोग का आरोप लगा है। मामला अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व कपाली थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने छापेमारी की थी।
छापेमारी के दौरान जप्त की गई थी वाहन
इस दौरान पुलिस ने दो वाहनों — एक स्कॉर्पियो और एक स्विफ्ट कार — को अवैध शराब के साथ जप्त किया था। दोनों वाहन देखने से नए प्रतीत होते थे और इन्हें थाना परिसर में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, अब यह आरोप सामने आया है कि कपाली ओपी प्रभारी ने जप्त की गई स्कॉर्पियो वाहन की नंबर प्लेट हटाकर उसका निजी उपयोग शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि शनिवार को सरायकेला पुलिस मुख्यालय के बाहर वही स्कॉर्पियो वाहन देखी गई, जिसमें स्वयं ओपी प्रभारी मौजूद थे।
पुलिस ने जांच के दिए संकेत
वाहन पर काली फिल्म भी लगी हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त वाहन पुलिस अभिरक्षा में होने के बावजूद प्रतिदिन खुलेआम उपयोग में लाया जा रहा है।इस संबंध में जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी।