Saraikela सरायकेला जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में बालू का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। बालू माफिया दिन के उजाले में ही उपायुक्त के निर्देशों की अवहेलना करते हुए धड़ल्ले से बालू की अवैध निकासी कर रहे हैं। दो दिन पूर्व ही उपायुक्त ने बालू के अवैध कारोबार को रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए थे, इसके बावजूद भी बालू माफिया अपनी गतिविधियाँ जारी रखे हुए हैं।
प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
लगभग 40 से 50 ट्रैक्टर और बालू लदे वाहन सड़कों पर दौड़ते देखे जा सकते हैं, जो कई सवालों को जन्म दे रहा है। प्रखंड कार्यालय के समीप से बालू लदे ट्रैक्टरों का गुजरना प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।
अहम सवाल यह है कि ईचागढ़ थाना प्रभारी विक्रम आदित्य पांडे, अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को इस बड़े रैकेट की जानकारी है या वे जानकर भी अनजान बने हुए हैं? बालू के अवैध निकासी से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है।
ईचागढ़ थाना सरायकेला खरसावां जिला का चर्चित थानों में गिना जाता है, जहां खनन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई देखने को मिली है। पूर्व में ईचागढ़ थाना क्षेत्र में कई सारे बालू लदे हाईवा ट्रैक्टर, जेसीबी और अवैध बालू भंडारण को जप्त किया गया है।
हाल ही में राज्यपाल के आगमन के दौरान एक साधारण व्यक्ति को होमगार्ड बनाकर ड्यूटी में तैनात किया गया था, जिस व्यक्ति की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी जो कि बड़ी सुरक्षा में चूक माना जा रहा है,वही होमगार्ड जवान द्वारा वाहन जांच करने के भी आरोप लगे हैं। इसके अलावा, कुछ दिन पूर्व स्टॉकयार्ड के संचालक ने भी ईचागढ़ थाना प्रभारी पर तंग करने का आरोप लगाया था।