Mahabharat Karna Died: महाभारत में कर्ण की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है. 68 वर्ष की उम्र में उन्होंने कैंसर से जंग हारते हुए अंतिम सांस ली. उनके करीबी मित्र अमित बहल ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि पंकज धीर लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. एक बार उन्होंने बीमारी पर काबू पा लिया था, लेकिन हाल के महीनों में कैंसर ने फिर से उन्हें घेर लिया. हालत बिगड़ने के बाद वह बड़ी सर्जरी से भी गुजरे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
पंकज धीर के निधन की खबर से टीवी और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. फैंस और कलाकार उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं. CINTAA ने भी आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है. संगठन ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार 15 अक्टूबर की शाम मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा. पंकज धीर CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी भी रह चुके थे.
पंकज धीर को सर्वाधिक लोकप्रियता बीआर चोपड़ा की 1988 की महाभारत से मिली, जिसमें उन्होंने कर्ण का किरदार निभाया था. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि शुरुआत में उन्होंने अर्जुन की भूमिका के लिए ऑडिशन दिया था और कॉन्ट्रैक्ट भी साइन कर लिया था. लेकिन मेकर्स द्वारा मूंछें हटाने की मांग पर उन्होंने इंकार किया, जिसके चलते उन्हें शो से बाहर कर दिया गया. करीब छह महीने तक काम के लिए संघर्ष करने के बाद उन्हें आखिरकार कर्ण की भूमिका मिली, जिसने उनके करियर को नई पहचान दी.
टीवी के अलावा पंकज धीर ने कई फिल्मों में भी काम किया. वह सोल्जर, बादशाह और सड़क जैसी फिल्मों में नजर आए. चंद्रकांता और द ग्रेट मराठा जैसे धारावाहिकों में भी उनकी मजबूत उपस्थिति रही.
पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितन धीर को छोड़ गए हैं. निकितन धीर फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस में थंगाबली की भूमिका से मशहूर हुए. उन्होंने कई पौराणिक धारावाहिकों में भी काम किया है. उनकी पत्नी कृतिका सेंगर टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री हैं, जो शादी के बाद पर्दे से दूर हो गईं.
पंकज धीर का निधन भारतीय टेलीविजन जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है.