BIG BREAKING: सूत्रों के अनुसार, माल एवं सेवा कर आसूचना महानिदेशालय (डी.जी.जी.आई.), जमशेदपुर ने चास, बोकारो के व्यवसायी प्रतीक कलबलिया को गिरफ्तार किया है. उन्हें केंद्रीय माल एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 की धारा 69 के तहत पकड़ा गया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी शेल कंपनियों और वास्तविक कंपनियों के नेटवर्क का इस्तेमाल करके फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आई.टी.सी.) का लाभ उठाने में शामिल था.
बता दें कि इस मामले में अवनीत और फैसल नामक दो आरोपियों को 24 जुलाई को गिरफ्तार किया जा चूका है, सूत्रों के अनुसार 50 लाख रुपये की नकदी और इस्पात-लोहे के व्यापार से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं. गिरफ्तार आरोपी पूरे राज्य में फर्जी बिलिंग के माध्यम से करोड़ों की हेराफेरी में शामिल थे.
मौजूदा मामले में अनुमानित फर्जी लेनदेन की राशि 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिसमें कम से कम 44 करोड़ रुपये की जीएसटी राशि शामिल है. सूत्रों का कहना है कि इस आई.टी.सी. धोखाधड़ी को छुपाने के लिए फर्जी बैंकिंग और हवाला लेन-देन का इस्तेमाल होने की भी संभावना है, जिसकी जांच अभी जारी है.
इस कार्रवाई के दौरान सीआरपीएफ के जवान सुरक्षा कवर देने के लिए मौजूद थे, जिनमें महिला कर्मी भी शामिल थीं.
सूत्रों के अनुसार, यह अभियान ज्योति कुमार बुबना, अपर महानिदेशक, डी.जी.जी.आई., पटना जोनल इकाई के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया. इसमें जमशेदपुर टीम के सार्थक सक्सेना, अपर निदेशक, राजेश रोशन टोप्पो, सहायक निदेशक, रोशन कुमार मिश्र, अधीक्षक, बब्लू सिंह, निरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे. जांच के दौरान उन्नत तकनीक और डेटा विश्लेषण उपकरणों का इस्तेमाल किया गया, और आगे की जांच प्रगति पर है.