JMM BIG BREAKING: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने घाटशिला उपचुनाव के लिए सोमेश सोरेन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. बुधवार को पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया.
सोमेश सोरेन घाटशिला के पूर्व विधायक और शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र हैं. उनका नाम पार्टी द्वारा उपचुनाव में मैदान में उतारने से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है.
रामदास सोरेन का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके कारण घाटशिला विधानसभा सीट खाली हुई. जनता में उनके गहरे संपर्क और लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है. यह फैसला केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में लिया गया. पार्टी का मानना है कि सोमेश अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सक्षम हैं.
2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में रामदास सोरेन को 98,356 वोट प्राप्त हुए थे, जबकि बाबू लाल सोरेन को 75,910 वोट मिले थे. इस उपचुनाव में घाटशिला विधानसभा सीट पर मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी. उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर निर्धारित की गई है और 24 अक्टूबर तक नाम वापस लिया जा सकेगा.
घाटशिला विधानसभा सीट पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थित है और यह अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है. इस क्षेत्र में कुल 2,55,823 मतदाता हैं.