Gujarat Cabinet Resigns: गुजरात में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, जहां बड़े कैबिनेट पुनर्गठन से पहले राज्य की पूरी मंत्रिपरिषद ने इस्तीफा दे दिया है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मौजूदा कैबिनेट में अकेले ऐसे सदस्य हैं जो पद पर बने रहेंगे. यह फैसला मुख्यमंत्री आवास पर हुई अहम बैठक में लिया गया, जिसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों से राज्य सरकार को अवगत कराया गया.
बैठक के बाद सभी 16 मंत्रियों ने अपने त्यागपत्र मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को सौंप दिए. देर रात ये इस्तीफे राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सौंपे जाएंगे. इस कदम को भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में उठाया गया बड़ा राजनीतिक कदम माना जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि पूरी कैबिनेट को पुनर्गठित किया जाएगा, जिसके लिए सभी को पद छोड़ना होगा. अब शुक्रवार सुबह 11.30 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई जाएगी. शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे.
यह फेरबदल न केवल कैबिनेट की संरचना बदलने वाला है, बल्कि यह संकेत देता है कि भाजपा आगामी चुनावों से पहले संगठन और सरकार दोनों में नई ऊर्जा और संतुलन लाने की तैयारी में है. अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि नई टीम में किन चेहरों को जगह मिलेगी और किस नए समीकरण के आधार पर राजनीतिक संतुलन साधा जाएगा.