Jamshedpur: बिष्टुपुर स्थित डीसी लाउंज में 13 अक्टूबर की शाम हुई तोड़फोड़ के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी मो. मुस्ताक गद्दी (37) को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी जब्त किया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाषीश ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि 13 अक्टूबर की शाम डीसी लाउंज में तोड़फोड़ की गई थी। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर कर रहे थे।
जिसके बाद जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी मो. मुस्ताक गद्दी लोहे का रॉड लेकर सैलून में घुसा और वहां तोड़फोड़ की। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसके भतीजे के साथ साकची में कुछ लोगों ने मारपीट की थी, जिसमें डीसी लाउंज संचालक का एक रिश्तेदार शामिल था। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने डीसी लाउंज में हमला कर तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले से संबंधित दो अन्य एफआईआर भी बिष्टुपुर और साकची थाने में दर्ज हैं, जिनकी जांच जारी है। फिलहाल आरोपी मो. मुस्ताक गद्दी को जेल भेज दिया गया है।