Jamshedpur News: दिवाली के अवसर पर अरका जैन यूनिवर्सिटी के एमबीए विभाग के छात्रों ने सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया. सोनारी स्थित आदर्श सेवा संघ के आश्रय में रहने वाले बच्चों के बीच जाकर उन्होंने खिलौने और चॉकलेट वितरित किए. इस पहल का उद्देश्य त्योहार की खुशियां उन बच्चों तक पहुंचाना था जो अक्सर ऐसे पलों से वंचित रह जाते हैं.
कार्यक्रम में प्रोफेसर मुकुल पांडे भी मौजूद थे, जिन्होंने छात्रों की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ सामाजिक सरोकारों को समझना और समाज के कमजोर तबकों के बीच खुशी फैलाना ही सच्ची शिक्षा का उद्देश्य है. एमबीए छात्रों ने बच्चों के साथ समय बिताया.
सोनारी के आदर्श सेवा संघ के संचालकों ने छात्रों का आभार जताया. बच्चों ने भी खिलौने और चॉकलेट पाकर खुशी जाहिर की और त्योहार को हंसी-खुशी मनाया. दिवाली के इस विशेष अवसर पर छात्रों ने संदेश दिया कि त्योहार सिर्फ घरों तक सीमित नहीं होने चाहिए बल्कि उन जगहों तक भी पहुंचने चाहिए जहां रोशनी और मिठास की सबसे ज्यादा जरूरत होती है.
यह पहल युवाओं में सामाजिक संवेदनशीलता और सहानुभूति की भावना को दर्शाती है. ऐसे कार्य न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाते हैं बल्कि छात्रों में नेतृत्व और मानवीय मूल्यों का विकास भी करते हैं. इस प्रकार की गतिविधियां शिक्षा का उद्देश्य और भी व्यापक और सार्थक बन सकता है.