सांसद महतो ने कहा
सांसद महतो ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और देश की एकता को और मजबूत बनाना है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण" के विजन से प्रेरित है।
जमशेदपुर में तीन दिवसीय पदयात्रा का आयोजन
जमशेदपुर में तीन दिवसीय पदयात्रा का आयोजन सांसद ने बताया कि इस अभियान के तहत जिला स्तरीय पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र में 3 दिन की 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा होगी।
पदयात्रा से पूर्व, स्कूल-कॉलेजों में युवाओं को जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम होंगे। इनमें निबंध, वाद-विवाद, संगोष्ठी और नुक्कड़ नाटक शामिल हैं। इन आयोजनों के दौरान युवाओं के बीच नशामुक्त भारत शपथ, स्वदेशी मेला और "गर्व से स्वदेशी" संकल्प दिलवाया जाएगा। साथ ही, योग शिविर, हेल्थ कैंप और स्वच्छता अभियान भी आयोजित किए जाएंगे। पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रमाणपत्र वितरण भी किया जाएगा।
सरदार@150 यूनिटी मार्च
सांसद महतो ने बताया कि 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय द्वारा "सरदार@150 यूनिटी मार्च" की शुरुआत की गई है, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने बिखरे हुए भारत को एक सूत्र में पिरोया था, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी।
अभियान के तहत युवाओं को "एक भारत, आत्मनिर्भर भारत" के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया गया है। माय भारत के डिजिटल चरण की शुरुआत केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की है, जिसमें सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और सरदार@150 यंग लीडर प्रोग्राम शामिल हैं। इस कार्यक्रम के 150 विजेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय पदयात्रा
करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक अभियान के प्रमुख चरणों की जानकारी देते हुए सांसद महतो ने कहा कि राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक निकाली जाएगी। यह 152 किलोमीटर लंबी यात्रा करमसद (सरदार पटेल का जन्मस्थान) से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक पहुंचेगी। इस यात्रा के दौरान हर शाम "सरदार गाथा" के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
सांसद महतो ने लौहनगरी जमशेदपुर के युवाओं से आह्वान किया
सांसद महतो ने लौहनगरी जमशेदपुर के युवाओं से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनें। उन्होंने बताया कि सभी पंजीकरण माय भारत पोर्टल (https://mybharat.gov.in/pages/unity_march) पर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है, और यह पदयात्रा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर
इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, जिला उपाध्यक्ष सह अभियान के जिला संयोजक संजीव सिन्हा, सह संयोजक अमरजीत सिंहराजा एवं कृष्णकांत राय भी मौजूद रहे।