Jharkhand News: रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को पंजाब सरकार के दो मंत्री मुलाकात करने पहुंचे. इनमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ बलबीर सिंह और राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां शामिल थे. दोनों मंत्री मुख्यमंत्री से मिलने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर होने वाले विशेष कार्यक्रम को लेकर जानकारी दी. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि यह आयोजन गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, उनके समर्पण और मानवता के प्रति दिए गए संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है. पंजाब सरकार इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर के संत-महात्माओं, धार्मिक नेताओं और विभिन्न राज्यों के गणमान्य व्यक्तियों को एक साथ जोड़ने जा रही है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पंजाब सरकार के इस पहल का स्वागत किया और दोनों मंत्रियों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन आज भी त्याग और निःस्वार्थ सेवा का प्रतीक है. उनका बलिदान न केवल सिख समुदाय के लिए बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है. मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजनों से देश में धार्मिक एकता और आपसी सौहार्द की भावना मजबूत होती है.
सीएम ने यह भी कहा कि झारखंड और पंजाब दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध गहरे हैं, और इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम इन रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाते हैं. उन्होंने पंजाब सरकार के इस प्रयास को समाज में भाईचारे का संदेश फैलाने वाली एक सकारात्मक पहल बताया.
गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस का यह आयोजन सिर्फ धार्मिक समारोह नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय संदेश है. आज के दौर में जब समाज कई स्तरों पर विभाजित दिखाई देता है, ऐसे अवसर लोगों को एकता, त्याग और मानवता के मूल्यों की याद दिलाते हैं.