Ghatshila By-Election: घाटशिला (अजजा) विधानसभा उप-निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. यह उपचुनाव 11 नवंबर 2025 को होना है. पुलिस महानिरीक्षक अभियान सह स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न जिलों के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. पुलिस महानिरीक्षक अभियान ने जिला स्तरीय तैनाती योजना को समय से लागू करने के निर्देश दिए. उन्होंने केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस बलों को चुनाव ड्यूटी से पूर्व समुचित ब्रीफिंग और योजनाबद्ध तैनाती सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही सुरक्षा बलों के सुरक्षित आवास और आवाजाही की व्यवस्था को प्राथमिकता देने का आदेश दिया.
पोलिंग पार्टियों को बूथ तक सुरक्षित पहुंचाने और वापस लाने के लिए रूट चार्ट तैयार करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, एरिया डोमिनेशन और हेलिपैड चिन्हित करने के निर्देश दिए गए. घने और संवेदनशील इलाकों में निर्बाध संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और रिजर्व बल एवं क्यूआरटी की तैनाती पर भी जोर दिया गया. आपातकालीन चिकित्सीय व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया.
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक चुनाव कोषांग, सीआइएफएफ और सीसीएल के अधिकारी सहित विभिन्न रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. जमशेदपुर के एसएसपी पियूष पांडेय सहित कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.
विशेष निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों पर पैनी नजर और संयुक्त बलों की तैनाती के साथ सुरक्षा एजेंसियां घाटशिला उपचुनाव को व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण मान रही हैं.
घाटशिला उपचुनाव को लेकर पुलिस का यह रवैया बताता है कि प्रशासन किसी भी तरह की गड़बड़ी या दबाव की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा. सुरक्षा रणनीति से साफ है कि ग्रामीण और संवेदनशील इलाकों पर विशेष फोकस रहेगा. केंद्रीय बलों की बड़ी भूमिका होगी और पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च, नाकाबंदी और निगरानी बढ़ सकती है. यह कार्रवाई यह संकेत भी देती है कि चुनाव में प्रतिस्पर्धा तेज है और प्रशासन हालात को लेकर सतर्क.