Jharkhand: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड में विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के बीच सिलाई मशीन का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी और सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा
विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को राज्य की जनता की समस्याओं और जरूरतों की पूरी जानकारी है। उन्होंने कहा कि झारखंड आर्थिक रूप से संपन्न प्रदेश होने के बावजूद छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को बाहर जाना पड़ता है, जो हमारे लिए एक बड़ी चुनौती है। इस स्थिति को बदलने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बीते छह वर्षों में कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। यदि इन योजनाओं का सही तरीके से उपयोग किया जाए, तो राज्य से गरीबी काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड के लोगों में क्षमता
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड के लोगों में क्षमता, ऊर्जा और इच्छा तीनों हैं — जरूरत है तो बस सामूहिक प्रयास की। उन्होंने कहा कि केवल वस्तु वितरण से नहीं, बल्कि निरंतर मॉनिटरिंग से ही इन योजनाओं का वास्तविक प्रभाव दिखेगा। यदि हम सरकार द्वारा दिए जा रहे अवसरों का सही उपयोग करें, तो झारखंड आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकता है और बाहरी बाजारों पर हमारी निर्भरता कम होगी।
इस अवसर पर जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा
इस अवसर पर जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह सिलाई मशीनें कल्याण विभाग की ओर से दी जा रही हैं। पहले महिलाओं को इसका प्रशिक्षण भी दिया गया है ताकि वे इसका उपयोग कर स्वरोजगार शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ आप तक पहुंचे, यही प्रयास है। उपायुक्त ने महिलाओं से अपील की कि वे आत्मनिर्भर बनें ताकि किसी को जीविकोपार्जन के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।