Jharkhand Crime News: जिले में नशाखोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुकुन्दगंज स्थित एनएच-33 पर छापेमारी कर पुलिस ने चार अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 8.2 किलो अवैध अफीम बरामद की गई है जिसकी कीमत लगभग 42.5 लाख रुपये आंकी गई है.
घटना 8 नवंबर की रात करीब 11:45 बजे की है. हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मुकुन्दगंज स्थित टोयोटा शोरूम के पास कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं. सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई.
टीम मौके पर पहुंची तो चार लोग आपस में बात कर रहे थे. पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे. लेकिन पुलिस ने उन्हें पीछा कर पकड़ लिया. तलाशी में चारों के पास से एक-एक बैग मिला. सभी बैगों से कुल 8.2 किलो अफीम बरामद हुई. इसके अलावा चार मोबाइल फोन और चार बैग भी जब्त किए गए.
गिरफ्तार तस्करों की पहचान सचिन कुमार, राकेश कुमार मेहता, नन्कु ठाकुर और अनिल दोंगी के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे सभी चतरा जिले से अफीम लेकर आए थे और उसे हरियाणा में बेचने की योजना थी.
पुलिस ने इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 187/25 दर्ज किया है. यह मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(सी), 21(सी) और 29 के तहत दर्ज किया गया है. गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के साथ पुलिस निरीक्षक विद्यावती ओहद्वार, थाना प्रभारी रौशन बर्णवाल, अवर निरीक्षक संजय स्तन, तकनीकी शाखा हजारीबाग और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही.
हजारीबाग पुलिस की यह कार्रवाई नशाखोरी के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाती है. जिले में हाल के दिनों में मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ी है जिससे समाज और युवाओं पर इसका सीधा असर पड़ रहा है. पुलिस की इस सक्रियता से यह संदेश गया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. हालांकि, इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए अंतरजिला स्तर पर समन्वित अभियान की जरूरत बनी हुई है.