दक्षिण पूर्व रेलवे के विभिन्न रेल सेक्शनों पर कोचिंग ट्रेनों की आवाजाही के कारण 10 से 16 नवंबर तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किए गए हैं। रेलवे ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान कुछ ट्रेनों को रद्द, कुछ को शॉर्ट टर्मिनेट/शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा और कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
टाटा-आसनसोल-बोकारो मेमू आद्रा से होगी शॉर्ट टर्मिनेट
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को चलने वाली टाटा-आसनसोल-बोकारो मेमू (68056/68060) ट्रेन अब आद्रा से ही शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। इसके चलते आद्रा से आसनसोल के बीच का रेल संचालन रद्द रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति एक बार जरूर चेक करें।
कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनें अस्थायी रूप से रद्द
रेलवे की अधिसूचना में बताया गया है कि कोचिंग ट्रेनों की वजह से आद्रा-बराभूम-आसनसोल, आद्रा-वाया-आद्रा, आद्रा-भोजुदीह और आसनसोल-आद्रा रूट की कई मेमू ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है। इसके अतिरिक्त आसनसोल, पुरुलिया, भोजुदीह और धनबाद की ओर जाने वाली कई सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
कई ट्रेनें निर्धारित गंतव्य से पहले ही रोक दी जाएंगी
कुछ ट्रेनों को उनके अंतिम गंतव्य तक नहीं ले जाया जाएगा। झाड़ग्राम–धनबाद-झाड़ग्राम एक्सप्रेस को अब सिर्फ बोकारो स्टील सिटी तक चलाया जाएगा। शालीमार-भोजुदीह एक्सप्रेस आद्रा तक सीमित रहेगी। वहीं, आसनसोल-पुरुलिया मेमू और बर्दवान-हटिया मेमू एक्सप्रेस को क्रमशः आद्रा और गोमोह तक ही चलाया जाएगा।
दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में बदलाव
बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस 16 नवंबर को बक्सर से एक घंटे देर से चलेगी। इसी दिन खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस खड़गपुर से तीन घंटे विलंब से रवाना होगी।
यात्रियों के लिए सलाह
रेल प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि यात्रा प्लान करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर ट्रेन की अपडेटेड जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।