1200 मतदान कर्मी आज होंगे रवाना
बूथों पर तैयारी मतदान को संपन्न कराने के लिए सोमवार को लगभग 1200 मतदान कर्मी संबंधित बूथों के लिए रवाना होंगे। ये कर्मी मतदान सामग्री लेकर अपने-अपने केंद्रों पर मोर्चा संभालेंगे और मंगलवार सुबह 7 बजे से शुरू होने वाले मतदान की प्रक्रिया को अंजाम देंगे।
सुरक्षा व्यवस्था
स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अंतराज्यीय और अंतर जिला सीमाओं को 72 घंटे पहले ही सील कर दिया गया है। असामाजिक तत्वों की घुसपैठ रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रत्याशी और मुकाबला इस उपचुनाव में 13 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला दिवंगत विधायक रामदास सोरेन के पुत्र, झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन और भाजपा के बाबूलाल सोरेन के बीच माना जा रहा है।
चुनावी माहौल
प्रचार के अंतिम दिनों में आरोप-प्रत्यारोप और भावनात्मक अपील चरम पर रही। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सहित कई दिग्गजों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए जमकर प्रचार किया। घाटशिला का यह उपचुनाव न केवल इस विधानसभा क्षेत्र के लिए, बल्कि राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 14 नवंबर को मतगणना होगी, जिसके बाद विजेता का पता चलेगा।