Jharkhand: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में एसीबी ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस बार एसीबी ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख व्यवसायी राकेश जायसवाल को हिरासत में ले लिया है।
राकेश जायसवाल वेलकम डिस्टिलरी के मालिक के रूप में जाने जाते हैं। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची ले जाएगी, जहां उसे एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
13 लोगों के खिलाफ दर्ज मामला, विनय चौबे भी शामिल
इस केस में एसीबी ने कुल 13 लोगों के नाम एफआईआर में शामिल किए हैं, जिनमें विनय चौबे भी शामिल हैं। एसीबी के द्वारा दर्ज की गई शिकायत के अनुसार, दो प्लेसमेंट एजेंसियों की संदिग्ध बैंक गारंटी की किसी भी स्तर पर सही ढंग से जांच नहीं की गई। इसी लापरवाही को 38.44 करोड़ रुपये के इस घोटाले की बड़ी वजह माना गया है।
बैंक गारंटी पूरी तरह फर्जी निकली
जांच के दौरान संबंधित बैंक प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि जिन बैंक गारंटी दस्तावेजों का उपयोग किया गया, वह न तो बैंक द्वारा जारी किए गए थे और न ही उन पर उपयोग किए गए लेटरहेड या हस्ताक्षर बैंक के थे। इसके बावजूद इन एजेंसियों के खिलाफ वक्त पर किसी भी प्रकार की कड़ी कार्रवाई नहीं की गई।
करोड़ों की बकाया राशि
नियमों के अनुसार वसूली नहीं होने के कारण, विजन हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज एंड कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड पर मार्च 2025 तक 12 करोड़ 98 लाख 18 हजार 405 रुपये की देनदारी दर्ज हुई है।
वहीं मार्शन इनोवेटिव सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड पर इसी अवधि तक 25 करोड़ 46 लाख 66 हजार 313 रुपये की बकाया राशि निकल कर सामने आई है।