Koderma: कोडरमा घाटी के नौवें माइल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं से भरी बस खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में चालक समेत 21 छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है। प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार विद्यालय की 11वीं कक्षा की 75 छात्राएं पीएम श्री योजना के तहत शैक्षणिक भ्रमण के लिए राजगीर जा रही थी। इसी दौरान नौवां माइल की घाटी पर बस का चालक एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश करने लगा। इसी बीच अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण बस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई और सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरी।
कैसे हुआ हादसा चश्मदीद का बयान
घायल छात्रा सानिया कुमारी ने बताया कि सभी छात्राएं यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित थी। लेकिन नौवां माइल क्षेत्र में अचानक बस ट्रक से टकराकर खाई में जा गिर गई। बस खाई में गिरने के बाद छात्राओं को कुछ समझ नहीं आया और सभी लोग घबरा गए। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
सानिया ने यह भी बताया कि उनके आगे विद्यालय की दूसरी बस भी जा रही थी। जैसे ही हादसे की खबर दूसरे बस को मिली तुरंत शिक्षक और छात्र मौके पर पहुंचे और घायल छात्राओं को बाहर निकालने में मदद की। बाद में घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
प्रशासन सक्रिय
हादसे की जानकारी मिलते ही उपायुक्त ऋतुराज सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और घायल छात्राओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उपायुक्त ने बताया कि कुछ छात्राओं को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अधिकतर छात्रों की स्थिति सामान्य है। सभी के बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हादसे की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
भ्रमण रद्द, छात्राएं वापस भेजी गईं
विद्यालय के प्रिंसिपल अमिताभ कुमार ने बताया कि हादसे के बाद शैक्षणिक भ्रमण तत्काल रद्द कर दिया गया है। जो छात्राएं घायल नहीं थीं, उन्हें सुरक्षित दूसरी बस से विद्यालय वापस भेज दिया गया है। अभिभावकों को घटना की पूरी जानकारी दे दी गई है और विद्यालय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।