Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-11-15

Muzaffarpur Breaking: मुजफ्फरपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले, 7 घायल

Muzaffarpur Breaking: बिहार के मुजफ्फरपुर में मोतीपुर थाना क्षेत्र के वार्ड 13 में एक दर्दनाक हादसा हो गया. शॉर्ट सर्किट से एक मकान में भीषण आग लग गई जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. जबकि सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही तेज धमाके की आवाज आई. लोग जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि गेना शाह के मकान के तीसरे तले पर अचानक आग भड़क उठी है. आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के कई सदस्य बाहर निकल भी नहीं सके और लपटों में घिर गए. चंद मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम पहुंची लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग को काबू में लाया गया और झुलसे लोगों को अस्पताल भेजा गया.

मृतकों में लालन कुमार 35 वर्ष, उनकी पत्नी पूजा कुमारी 30 वर्ष, मां सुशीला देवी 65 वर्ष, बेटा गोलू कुमार 2 वर्ष और बेटी सृष्टि कुमारी 7 वर्ष शामिल हैं. घायलों में लाल बाबू प्रसाद उनकी पत्नी माला देवी, साक्षी कुमारी, अर्जुन कुमार, ऋषभ कुमार और अमन कुमार शामिल हैं. अस्पताल सूत्रों के अनुसार इनमें से चार की हालत चिंताजनक बनी हुई है.

इस हादसे ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था और घरेलू सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गांव और कस्बों में शॉर्ट सर्किट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं जिनमें जानमाल का भारी नुकसान हो रहा है. मुजफ्फरपुर की यह त्रासदी बताती है कि मल्टी स्टोरी घरों में आग बुझाने के उपकरण और सुरक्षा इंतजाम कितने जरूरी हैं. प्रशासन के लिए यह चेतावनी है कि बिजली नेटवर्क की नियमित जांच और जागरूकता अभियान में तेजी लाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !