Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-11-16

Saraikela Water Problem: सरायकेला जिले के कपाली में पानी की समस्या चरम सीमा पर, महिलाओं की बढ़ी मुश्किले

Saraikela: सरायकेला जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत पैदा हो गई है। पिछले दो हफ्तों से सरकारी पानी सप्लाई पूरी तरह बंद है, जिससे हज़ारों परिवार पीने और उपयोग के पानी के लिए गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। जिसके बाद हालात बिगड़ने पर टैंकर से पानी वितरण शुरू किया गया, लेकिन अब यह व्यवस्था भी स्थानीय महिलाओं के लिए नई परेशानी बन गई है।

महिलाओं ने नगर परिषद पर लापरवाही और असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए कहा कि पानी सप्लाई ठप होने से उनका दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। महिला रूबी प्रवीण ने बताया कि घर में शादी का माहौल है और मेहमान भी आए हुए हैं, लेकिन पानी न होने के कारण खाना बनाना और बाकी काम करना बहुत मुश्किल हो गया है।

महिला सइबा खातून ने कहा कि पानी की कमी से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं क्योंकि उनके कपड़े तक धोने की सुविधा नहीं हो पा रही है। कई परिवार आसपास के घरों के बोरिंग से पानी लाकर किसी तरह दिन काट रहे हैं।

उधर, टैंकर से पानी वितरण के दौरान भी नई समस्या सामने आ रही है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि भीड़ के बीच टैंकर पर पानी लेने के दौरान उनके फोटो और वीडियो बनाए जाते हैं, जिससे उनकी निजता भंग होती है। उनका कहना है कि बार-बार आग्रह करने के बावजूद टैंकर को मुख्य सड़क की बजाय भीतर की क्रॉस रोड में नहीं लगाया जाता, जहाँ भीड़ कम रहती और महिलाएँ सुरक्षित महसूस करतीं।

कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि टैंकर से जुड़े कर्मचारी बदसलूकी करते हैं और कहते हैं “यहीं से पानी लेना है तो लो, नहीं तो जाओ।”

महिला अंजुम खातून ने सवाल उठाया, “हम हर महीने पानी का  बिल देते हैं, फिर भी हमें पानी सही से नहीं मिलता. आखिर हमारी क्या गलती है?”

क्षेत्र की महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सप्लाई बहाल नहीं की गई और टैंकर व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वह सामूहिक रूप से कपाली नगर परिषद कार्यालय का घेराव करेंगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी सप्लाई तुरंत बहाल की जाए और टैंकर को भी भीड़भाड़ वाली सड़क से हटाकर सुरक्षित जगह पर लगाया जाए और महिलाओं की निजता का पूरा सम्मान सुनिश्चित किया जाए।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो वह लोग बड़े आंदोलन के लिए तैयार हैं।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !