Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-11-16

Jamshedpur News: पोटका में 35 करोड़ की लागत से डिग्री कॉलेज निर्माण की हुई शुरुआत, विधायक संजीव सरदार ने किया भूमिपूजन

Jamshedpur: पोटका प्रखंड के हेंसलबिल पंचायत अंतर्गत खड़ियासाई में झारखंड सरकार द्वारा डिग्री कॉलेज निर्माण के कार्य की शुरुआत कर दी गई है। लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस महाविद्यालय का भूमिपूजन रविवार को स्थानीय विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों की विशाल उपस्थिति में किया।

उच्च तकनीकी एवं कौशल विकास विभाग की स्वीकृति के बाद झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के माध्यम से सत्यम बिल्डर्स को इसे तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भूमिपूजन के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक पूजा-अर्चना कर नई शुरुआत को शुभकामनाएं दीं।

विधायक बोले वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है

कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना ग्रामीणों का लंबे समय से सपना था। जिला परिषद सदस्य के समय से ही वे ग्रामीणों के साथ मिलकर इस मांग को आगे बढ़ाते रहे, लेकिन पिछली सरकार के समय यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाया।

उन्होंने बताया कि जनता ने उन्हें विधायक चुना और उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक यह मांग पहुंचाई। सरकार की स्वीकृति के बाद अब यह सपना साकार होगा।

विधायक ने कहा कि स्थानीय छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अब जमशेदपुर या घाटशिला की दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे कई बालिकाएं शिक्षा से वंचित रह जाती थीं। कॉलेज खुलने से उन्हें घर के पास ही पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ विद्यार्थियों को अवश्य लेना चाहिए।

21 माह में तैयार होगा कॉलेज भवन

सत्यम बिल्डर्स द्वारा निर्मित होने वाला डिग्री कॉलेज का शैक्षणिक और प्रशासनिक भवन लगभग 21 महीनों में पूरा किया जाएगा। भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

काम शुरू होने के बाद पोटका के विद्यार्थियों और आसपास के गांवों में उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

भूमिपूजन समारोह में ग्रामप्रधान सुरजीत सरदार, पंचायत समिति सदस्य ऋषि सरदार, वार्ड सदस्य सोमेन सरदार, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, प्रमुख गंगामनी बेसरा, तथा सुनील महतो, बबलू चौधरी, सुधीर सोरेन, गणेश सरदार, अरुण सरदार, छोटू सरदार, देवदुलाल भूमिज, दिलीप सोरेन, अजय सरदार, कार्तिक मुर्मू, सीताराम हांसदा, आनंद दास, मिर्जा सोरेन, भगत बास्के, भगत हांसदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने किया पारंपरिक स्वागत

भूमिपूजन से पहले कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने विधायक संजीव सरदार का भव्य स्वागत किया। छात्राओं ने आकर्षक बैंड की धुन और पारंपरिक नृत्य-संगीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।

इस मौके पर शिक्षिका सुचित्रा कुमारी, कमला मुंडा, काजल मनी सरदार, मोहन सोरेन, जोबा सोरेन और लखि हांसदा उपस्थित रहीं।

सूचना नहीं देने पर पार्षद की नाराजगी

डिग्री कॉलेज के भूमिपूजन कार्यक्रम की जानकारी न मिलने पर जिला परिषद सदस्य सोनमणि सरदार ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्हें कार्यक्रम की सूचना नहीं दी गई, जो गलत है, और इस संबंध में वे जिला प्रशासन से शिकायत दर्ज करेंगी।
 
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !