Big News: फर्जी कॉल को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम का दुरुपयोग कर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और उनकी पत्नी को फोन कर परेशान किया गया है. इस प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री आवास में कार्यरत मुख्यमंत्री के प्राइवेट असिस्टेंट जय प्रसाद ने गोंदा थाना में शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को झारखंड का मुख्यमंत्री बताते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री को फोन किया और अनावश्यक व संदिग्ध तरीके से बातचीत कर उन्हें परेशान किया. यह भी बताया गया है कि इसी नंबर से पहले राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी फोन कर परेशान किया गया था. ट्रू कॉलर पर नंबर 7439077614 अभिजीत न्यू सिम जिम पीटी के नाम से दिख रहा है.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस घटना को मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली और वीवीआईपी को परेशान करने की गंभीर व निंदनीय हरकत बताया है. शिकायत में यह भी उल्लेख है कि कॉल रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में सुरक्षित है जिसमें स्पष्ट रूप से सुना जा सकता है कि फोन करने वाला व्यक्ति खुद को मुख्यमंत्री बताकर अशोभनीय तरीके से बात कर रहा है.
यह मामला न सिर्फ वीवीआईपी सुरक्षा की गंभीर चूक को उजागर करता है बल्कि साइबर धोखाधड़ी और प्रतिरूपण के बढ़ते मामलों पर भी प्रश्न खड़ा करता है. बार-बार एक ही नंबर से विभिन्न राज्यों के बड़े नेताओं को कॉल किए जाना बताता है कि यह कोई संगठित प्रयास हो सकता है जिसका उद्देश्य भ्रम फैलाना और संवैधानिक पदों की छवि धूमिल करना है. ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और इंटरस्टेट साइबर कोऑर्डिनेशन बेहद जरूरी हो जाता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.