Saraikela: सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुुझार मांझी, डीआरसीएचओ, सभी एमओआईसी, डीपीएम, बीपीएम और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक में उपायुक्त ने सदर अस्पताल, अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों में दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि उपलब्ध उपकरणों और मानवबल का समुचित उपयोग हो ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।
टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण अभियान और रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा हो। धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में एमओआईसी सुधारात्मक कार्ययोजना बनाएं, लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
सभी गर्भवती महिलाओं की एएनसी (1-4) और प्रसव तक की ट्रैकिंग हो, कोई महिला स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे।
कम वजन वाले नवजात शिशुओं को तुरंत एसएनसीयू में रेफर किया जाए। अस्पतालों में स्वच्छता और हाइजीन मानकों का पालन, उपकरणों की जांच और ओपीडी सेवाएं निरंतर रहें।
उपायुक्त ने कहा, "स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं सीधे लोगों के जीवन से जुड़ी हैं। सभी अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी निष्ठा और जिम्मेदारी से काम करें ताकि नागरिकों को सुलभ, समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।"