Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-11-17

Chandil News: चांडिल में विवेकानंद केंद्र का नवनिर्मित भवन का लोकार्पण 19 नवंबर को होगा संपन्न, मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल होंगे शामिल

Chandil: विवेकानंद केंद्र सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प चांडिल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण 19 नवंबर 2025 को प्रातः 10 बजे संपन्न होगा। उक्त जानकारी विवेकानंद केंद्र के पदाधिकारी एवं समाजसेवीयों ने सोमवार को संवाददाता सम्मलेन आयोजित कर दी।

आयोजकों ने कहा कि यह अवसर इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दिनांक 19 नवंबर विवेकानंद केंद्र के मार्गदर्शक स्व. एकनाथ रानाडे जी का जन्म-उत्सव दिवस है। इसी दिन भवन को समाज को समर्पित करने का निर्णय लिया गया है। समारोह में झारखंड के महामहिम राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और भवन का उद्घाटन करेंगे।

विवेकानंद केंद्र का प्रारम्भिक बीज 1977-78 में चांडिल स्थित नौरंगराम स्वर्गीय देवी ट्रस्ट के अंतर्गत बोया गया था। एकनाथ रानाडे जी तथा स्व. भगवती प्रसाद खेतान जी ने इसे आगे बढ़ाते हुए वह दिशा दी थी, जो स्वामी विवेकानंद के उस स्वप्न से जुड़ी है—एक ऐसा युवा, सक्षम और चरित्रवान भारत, जिसकी आत्मा सेवा, त्याग और राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत हो। 

“मानव निर्माण से राष्ट्र निर्माण” की धारा को मूर्त रूप देने के लिए केंद्र ने संस्कार वर्ग, योग वर्ग, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में वर्षों से कार्य किया है।

कई वर्षों तक केंद्र की गतिविधियाँ पुराने भवन में संचालित होती रहीं, परंतु बढ़ती आवश्यकताओं और कार्यक्षेत्र के विस्तार को देखते हुए नए भवन का निर्माण किया गया है। इस निर्माण में समाज के अनेक दानदाताओं और समर्थकों का सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे यह सेवा परिसर एक नई ऊर्जा के साथ तैयार हो सका है।

नया परिसर स्थानीय युवाओं, ग्रामसभा, महिला समूहों, संस्कार व योग शिक्षा तथा सेवा-कार्य के लिए एक जीवंत केंद्र के रूप में विकसित होगा। स्वामी विवेकानंद के उस विराट विचार—“उठो, जागो और स्वयं को जानकर भारत को नवजीवन दो”—को आगे बढ़ाने की दिशा में यह भवन एक प्रेरणास्त्रोत की तरह काम करेगा।

 चांडिल क्षेत्र में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह व्याप्त है और स्थानीय नागरिक इसे एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक-सामाजिक उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं।

समारोह में क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ तथा चांडिल की विधायिका सविता महतो भी उपस्थित रहेंगे। विवेकानंद केंद्र के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष प्रवीण देवोलकर का आगमन भी निर्धारित है, जो इस प्रकल्प की दिशा और भावना को आगे बढ़ाने वाले प्रमुख मार्गदर्शकों में हैं। 

संवाददाता सम्मलेन में नगर संपर्क प्रमुख अनाथ मिश्रा, जीवनव्रती एवं विभाग संगठक, रांची चिराग परमार, नगर कार्यालय प्रमुख सुशील कुमार लाल शाहदेव, निधि संकलन प्रमुख आशीष कुंडू, वानप्रस्थ कार्यकर्ता कालीचरण गुप्ता, कार्यपद्धति प्रमुख गुलशन कुमार, प्रचार प्रमुख मनोज सिंह उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !