Delhi: कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई और NIA की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल अनमोल बिश्नोई अब भारत वापस आया गया है. अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने के बाद बुधवार सुबह उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया. जैसे ही वह एयरपोर्ट पहुंचा, NIA की टीम ने तुरंत उसे अपनी हिरासत में ले लिया. वहां से उसे सीधे पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया जाएगा. अनमोल पर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड, सिद्धू मूसे वाला मर्डर और सलमान खान के घर पर फायरिंग जैसे कई बड़े मामलों के गंभीर आरोप हैं.
जानकारी के अनुसार, अनमोल अप्रैल 2022 में फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत से फरार हुआ था. वह पहले नेपाल गया, फिर दुबई और केन्या होते हुए अमेरिका पहुंचा. इसके बाद वह अमेरिका और कनाडा के बीच लगातार लोकेशन बदलता रहा. पिछले साल अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी ने उसे कैलिफोर्निया में पकड़ लिया था, जिसके बाद से वह स्थानीय पुलिस की कस्टडी में था.
भारत लौटते ही NIA ने उसे दबोच लिया. माना जा रहा है कि कोर्ट में पेशी के बाद एजेंसी उसकी रिमांड मांगेगी. उसके खिलाफ 18 से ज्यादा मामले दर्ज हैं, जिनमें हथियार तस्करी और गैंग के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट देने के आरोप शामिल हैं. एक NIA अधिकारी ने बताया कि अनमोल लॉरेंस बिश्नोई का मुख्य ओवरसीज ऑपरेटर था.
वह विदेश से ही फिरौती, धमकियों और गैंग के असाइनमेंट्स को एन्क्रिप्टेड चैनलों के जरिए संचालित करता था. जांच एजेंसी को उम्मीद है कि उसकी कस्टडी में कई अहम खुलासे हो सकते हैं.