Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए एक बड़ी मुसीबत आ गई है. लालू प्रसाद यादव के करीबी अमित कात्याल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने अमित कात्याल को 300 करोड़ के फर्जीवाड़े मामले में गिरफ्तार किया है. ईडी ने ये कार्रवाई PMLA ACT के तहत की है.
बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद जब राजनीतिक हलचल अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थी, ठीक उसी समय राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की परेशानी एक बार फिर बढ़ गई है.
बुधवार को ईडी ने लालू परिवार के बेहद करीबी माने जाने वाले अमित कात्याल को गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी 300 करोड़ रुपए से अधिक के रियल एस्टेट फर्जीवाड़े से जुड़े एक बड़े मामले में हुई है.
जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, अमित कात्याल लंबे समय से लालू प्रसाद यादव और उनके पुत्र तेजस्वी यादव के बेहद नजदीकी माने जाते हैं. बताया जाता है कि दिल्ली में जिस कोठी में तेजस्वी यादव अक्सर ठहरते हैं, उसका संबंध भी अमित कात्याल से जुड़ा हुआ है.
सूत्रों का दावा है कि इस कोठी की व्यवस्थाओं और कई गतिविधियों में कात्याल की सीधी भूमिका रहती थी. अमित कात्याल का नाम विवादों से नया नहीं है. वह पहले भी एक बड़े आर्थिक अपराध के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं.