Jamshedpur: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में रहने वाले शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 के राहुल राय को हैदराबाद पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की नज़र काफी समय से राहुल की गतिविधियों पर थी, क्योंकि वह कई वर्षों से साइबर ठगी के एक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था.
तकनीकी निगरानी और बैंक खातों की लेन-देन की गहराई से पड़ताल करने पर पुलिस को उसके खिलाफ ठोस सबूत मिले. जिसके बाद हैदराबाद से एक विशेष टीम जमशेदपुर पहुंची. स्थानीय कदमा थाना पुलिस की मदद से राहुल के घर छापेमारी की गई और उसे हिरासत में ले लिया गया.
पुलिस के अनुसार राहुल का काम साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराना था. ठगी की रकम अलग-अलग राज्यों से उसके खाते में भेजी जाती थी और इसके बदले में उसे कमीशन मिलता था. हाल ही में उसके बैंक खाते में 53 लाख रुपये आए, जो संदिग्ध पाए गए. इसी रकम ने हैदराबाद पुलिस का ध्यान सीधे उसकी ओर खींचा.
बाद में पुलिस की जांच से यह रकम साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी निकली. सिर्फ इतना ही नहीं, राहुल के खिलाफ पहले से भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. इन सब सूचनाओं की पुष्टि होने के बाद हैदराबाद पुलिस ने जमशेदपुर पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त कार्रवाई के दौरान राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां हैदराबाद पुलिस को ट्रांजिट रिमांड मिल गया और वह राहुल को अपने साथ ले गई.
अधिकारियों का कहना है कि राहुल की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचना आसान हो जाएगा. अब पुलिस उसके बैंक खातों, मोबाइल डेटा और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही है. पुलिस को शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि राहुल लंबे समय से इस नेटवर्क से जुड़ा था और फर्जी खातों के जरिए बड़े पैमाने पर पैसों की हेराफेरी करता था.
फिलहाल मामला हैदराबाद पुलिस के पास है और राहुल राय के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.