Dubai: दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयरशो के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है. भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान हाई-स्पीड युद्धाभ्यास के दौरान अचानक नियंत्रण खो बैठा और कुछ ही सेकंड में क्रैश हो गया. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि तेजस हवा में संतुलन खोने के बाद कैसे नीचे गिरता दिख रहा है और फिर बाद में ज़मीन से टकराते ही आग और काले धुएँ का बड़ा गुबार उठता नज़र आता है.
भारतीय वायुसेना ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में पायलट शहीद हो गए हैं. IAF ने अपने आधिकारिक बयान में कहा.
“दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान भारतीय वायुसेना का एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. गंभीर चोटों की वजह से पायलट का निधन हो गया. भारतीय वायुसेना इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त करती है और शहीद पायलट के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करती है.”
वायुसेना ने यह भी बताया है कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी. शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर 2.10 बजे उस समय हुआ जब तेजस विमान लाइव डेमो में एक जटिल युद्धाभ्यास कर रहा था.
सामान्य प्रक्रिया के तहत भारतीय वायुसेना अब एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित करेगी, जो इस हादसे के हर तकनीकी और परिचालन पहलू की जांच करेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि त्रुटि कहाँ हुई.
ध्यान देने वाली बात है कि तेजस विमान के साथ यह दूसरा बड़ा हादसा है. इससे पहले 2024 में राजस्थान के जैसलमेर में एक तेजस विमान इंजन फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.