Jamshedpur: एक्सएलआरआइ जमशेदपुर के ह्यूमन पोटेंशियल सेंटर टीम सामर्थ्य की ओर से विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को में उनकी फ्लैगशिप पहल करियर कंपास का आयोजन किया गया। यह करियर गाइडेंस सत्र विशेष रूप से कक्षा 12 के उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया था, जो बोर्ड परीक्षाओं और भविष्य के करियर के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर हैं।
सत्र में 200 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टीम सामर्थ्य के सदस्यों ने छात्रों को न सिर्फ पारंपरिक करियर विकल्प जैसे इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ और मैनेजमेंट के बारे में बताया, बल्कि उद्योग 4.0 के दौर में उभर रहे नए अवसरों पर भी व्यापक जानकारी दी। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, सस्टेनेबिलिटी मैनेजमेंट, डिजिटल मार्केटिंग, साइबर सिक्योरिटी और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों को विशेष रूप से शामिल किया गया।
सत्र के दौरान छात्रों को समझाया गया कि करियर का चयन केवल मार्क्स या रैंक के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी रुचियों, क्षमताओं और मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए। कार्यक्रम पूरी तरह इंटरएक्टिव था, जिसमें छात्रों ने जेईई, नीट, क्लैट, सीयूईटी, जैट, कैट जैसे विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं, विदेश में पढ़ाई, स्कॉलरशिप अवसरों, गैप ईयर के सदुपयोग और करियर से जुड़ी असफलताओं से उबरने जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा की।
कई छात्रों ने बताया कि उन्हें पहली बार यह समझ आया कि “सुरक्षित करियर” और “सही करियर” में अंतर होता है। विद्यालय की प्रिंसिपल ने सत्र की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के दृष्टिकोण को विस्तृत करने में बेहद सहायक होते हैं।
टीम सामर्थ्य पूरे वर्ष जमशेदपुर के विभिन्न स्कूलों में ‘करियर कंपास’ सत्र आयोजित करती है। इसका उद्देश्य छोटे शहरों के प्रतिभाशाली छात्रों तक उच्च गुणवत्ता वाला करियर मार्गदर्शन पहुँचाना है, ताकि वे महानगरों के छात्रों की तरह ही अवसरों का लाभ उठा सकें।