Gandey: गांडेय विधानसभा क्षेत्र के बेरदोंगा में आज “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत परिसंपत्ति वितरण शिविर का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन की उपस्थिति रही. उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को परिसंपत्तियां सौंपी और उनसे बातचीत कर उनकी जरूरतों और समस्याओं को जाना.
विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य गाँवों को मजबूत करना है और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाना है. उन्होंने बताया कि सरकार गरीबों, जरूरतमंदों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय सहित हर वर्ग के उत्थान के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएँ चला रही है.
उन्होंने बताया कि दूर-दराज क्षेत्रों में योजनाओं को पहुंचाना चुनौतीपूर्ण कार्य है. कई बार ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय जाना पड़ता है, जहाँ परेशानियों के कारण वह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाते है. इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से सरकार ने “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम की शुरुआत की है, जिसके तहत अधिकारी स्वयं गाँवों में पहुंचकर जानकारी दे रहे हैं और मौके पर ही लाभ उपलब्ध करा रहे हैं.
विधायक ने कहा कि सरकार लोगों को सम्मान और आत्मसम्मान के साथ रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने ग्रामीणों से सक्रिय भागीदारी की अपील की और कहा है कि जनता के सहयोग से विकास की गति और तेज होगी.
इस कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.