Ranchi: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को होने वाले वनडे मैच को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है। JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस रोमांचक मुकाबले के 6500 ऑनलाइन टिकट सिर्फ दो दिनों में ही पूरी तरह बिक गए। ऑनलाइन टिकट खत्म होने के बाद अब दर्शकों के लिए ऑफलाइन टिकट 25 नवंबर से उपलब्ध होंगे।
JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि ऑफलाइन टिकटों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। स्टेडियम के बाहर चार काउंटरों पर टिकट बेचे जाएंगे और टिकट खरीदते समय आधार कार्ड अनिवार्य होगा। एक आधार कार्ड पर केवल दो टिकट ही जारी किए जाएंगे। साथ ही, यदि कोई दर्शक नवजात शिशु भी ला रहा है, तो उसके लिए अलग टिकट लेना आवश्यक होगा।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टिकट काउंटरों पर बैरिकेडिंग की गई है और भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल होंगी। प्रशासन ने टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था भी की है। स्टेडियम में तकनीकी और सुरक्षा तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
शनिवार को फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति में स्टाफ की प्रतिक्रिया का परीक्षण किया गया और अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, फैंस की सुरक्षा और अफवाह प्रबंधन की समीक्षा की। फ्लडलाइट्स की भी टेस्टिंग की गई और अगला टेस्ट 29 नवंबर को होगा ताकि मैच के दिन किसी भी तरह की तकनीकी खामी न रहे।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 नवंबर को रांची में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि बारिश की संभावना कम बताई गई है। बादल रहने से ठंड में थोड़ी कमी महसूस हो सकती है, जबकि दिसंबर के मध्य तक तापमान में दोबारा गिरावट की उम्मीद है।