Pakur News: पाकुड़ जिले के महेशपुर में रविवार रात कोल्ड स्टोरेज परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई जब जनरेटर स्टोर रूम के मोटे पाइप के भीतर से 5.5 फीट लंबा स्पेक्टेक्ल्ड कोबरा दिखाई दिया. अचानक सांप दिखने से कर्मचारी घबरा गए और पूरे परिसर में दहशत फैल गई.
कोल्ड स्टोरेज के मालिक दीपक सिंह ने तुरंत वनकर्मी असराफुल शेख को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही असराफुल शेख मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू की प्रक्रिया शुरू की. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को पाइप से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. कोबरा को काबू में लेने के बाद इसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया.
घटना के बाद कर्मचारी और आस-पास के लोग राहत महसूस करते दिखे. देर रात तक परिसर में चर्चा का माहौल बना रहा.
महेशपुर जैसी ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्रों में कोबरा का दिखाई देना असामान्य नहीं है, लेकिन कोल्ड स्टोरेज जैसी बंद जगहों में सांप का घुस जाना गंभीर सुरक्षा चुनौती मानी जाती है. यह घटना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के लिए चेतावनी है कि ऐसे परिसरों में नियमित निरीक्षण और सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए ताकि कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.