Jamshedpur: टाटानगर स्टेशन मेन गेट के पास सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सीएनजी टेंपो में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही टेंपो में दो धमाके हुए, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप फैल गया और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। धमाकों की आवाज़ दूर तक सुनाई दी, जिससे स्टेशन क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, टेंपो को कीताडीह निवासी चालक पवन राय चला रहा था। वह स्टेशन से यात्रियों को लेकर अभी कुछ ही दूरी आगे बढ़ा था कि राहगीरों ने वाहन के नीचे से चिंगारी निकलते देख उसे सचेत किया। सूचना मिलते ही चालक ने टेंपो रोका, लेकिन कुछ ही क्षण बाद वाहन से धुआँ उठने लगा और अचानक भीषण आग लग गई।
आग भड़कते ही चालक और सभी यात्री समय रहते टेंपो से कूदकर दूर भाग गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। देखते ही देखते टेंपो पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया और दो तेज धमाके भी हुए। हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पीसीआर वैन, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुँची। इसके बाद दमकल विभाग की एक गाड़ी ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम टेंपो में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।