विकास कार्य बना राजनीतिक गतिरोध का शिकार
दरअसल, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाने के लिए मानगो से पारडीह के बीच के मुख्य मार्ग को कुछ समय के लिए बंद करने का आदेश दिया था। मगर, इस आदेश के तुरंत बाद विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि पप्पू सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक सड़क पर आ गए। समर्थकों ने प्रशासन के इस कदम को जनहित के खिलाफ बताते हुए जमकर नारेबाजी की और निर्माण स्थल पर कार्य को बलपूर्वक रोक दिया।
हम निर्माण के नहीं, जनता की परेशानी के खिलाफ मीडिया से बात करते हुए विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका यह विरोध फ्लाईओवर निर्माण के खिलाफ नहीं है, बल्कि मानगो क्षेत्र की जनता को हो रही भारी परेशानियों के खिलाफ है।
पप्पू सिंह ने कहा
हम विकास के विरोधी नहीं हैं। हम फ्लाईओवर चाहते हैं, लेकिन मुख्य मार्ग को बंद करने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। हमारी मांग है कि पहले डिमना रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का काम पूरा किया जाए, जिससे लोगों को आने-जाने का एक सुगम रास्ता मिल सके। उसके बाद ही इस मुख्य मार्ग को बंद करके मानगो-पारडीह सेक्शन का काम शुरू किया जाए।
विरोध के बाद, जहां मुख्य मार्ग को फिर से खोल दिया गया है, वहीं मानगो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य फिलहाल रुका हुआ है। प्रशासन और राजनीतिक दल के इस टकराव से शहर के सबसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों में से एक पर सीधा असर पड़ रहा है, जिससे आम जनता की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।