Ranchi: 28 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में होने वाले नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए रांची पुलिस ने ट्रैफिक प्लान में कई बड़े बदलाव किए हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे, इसलिए आसपास के इलाकों में सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों को कड़ा कर दिया गया है। कई रास्तों पर आम वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 28 नवंबर को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे वाहन सिर्फ रिंग रोड का ही इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके अलावा एसएसपी आवास, दिशोम गुरु आवास, अतिथि शाला, मोरहाबादी टीओपी और रेडक्रॉस रोड वाले रूट पूरे दिन सामान्य वाहनों के लिए बंद रहेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इन इलाकों में कार या अन्य चारपहिया वाहन लेकर बिल्कुल न जाएं, ताकि जाम न लगे और कार्यक्रम स्थल के आसपास भीड़ नियंत्रित रहे।
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रांची कॉलेज फुटबॉल मैदान, आर्मी मैदान मोरहाबादी, टीआरआई मैदान और डीआईजी ग्राउंड पार्किंग के तौर पर तय किए गए हैं।
कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे इन्हीं पार्किंग स्थलों में भेजा जाएगा। जबकि बूटी मोड़, रिम्स और करमटोली चौक की ओर से आने वाले वाहन आर्मी मैदान में पार्क किए जाएंगे।
पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ने पर कुछ रूटों पर अस्थायी डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।
प्रशासन ने शहरवासियों से सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं, इसलिए अगर सभी लोग बताए गए रूट और निर्देशों का पालन करें, तो ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहेगा और कार्यक्रम भी बिना किसी दिक्कत के पूरा हो जाएगा।