Ranchi Crime News: लालपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुई छिनतई की घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कोकर स्थित बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक व्यक्ति का बैग बाइक सवार दो अपराधी छीनकर फरार हो गए.
पीड़ित फिलोमोन बा कोकर के पाहन टोली के रहने वाले हैं. वह बैंक ऑफ इंडिया कोकर शाखा से 1.30 लाख रुपये निकालकर टोटो से घर जा रहे थे. जैसे ही टोटो लालपुर थाना के पास पहुंची, पीछे से आए बाइक सवार दो अपराधियों ने टोटो को ओवरटेक किया और पलक झपकते ही फिलोमोन के हाथ से रुपये से भरा बैग झपट्टा मारकर लेकर फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग प्रतिक्रिया तक नहीं दे पाए.
सूचना मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूरी जानकारी ली. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि अपराधी बैंक से ही पीड़ित का पीछा कर रहे थे.
लालपुर जैसे भीड़भाड़ वाले और लगातार पुलिस गश्ती वाले इलाके में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था की ढिलाई को दर्शाती है. यह घटना बताती है कि अपराधियों के गिरोह बैंक से निकलने वाले ग्राहकों को निशाना बना रहे हैं. पुलिस को न केवल त्वरित कार्रवाई करनी होगी बल्कि बैंक के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को भी मजबूत करने की जरूरत है.