Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम द्वारा शी-क्राफ्ट फ्लैगशिप योजना के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित फूडी दीदी कियोस्क का भव्य शुभारंभ किया गया. यह पहल शहर में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा शहरी आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
"फूडी दीदी" कियोस्क स्थानीय महिला समूहों द्वारा संचालित होगा, जहां स्वच्छ, पौष्टिक एवं सस्ती कीमतों पर भोजन मिलेगा. इसे SheKraft ब्रांड के तहत एकीकृत पहचान दी गई है. इसके साथ ही एसएचजी हाट से जुड़ा साप्ताहिक बाजार एवं प्रशिक्षण मिलेगा, और माइक्रो-लोन, इंडस्ट्री टाई-अप और बाजार विस्तार के अवसर भी उपलब्ध होंगे.
"फूडी दीदी" कियोस्क में महिला समूह स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए स्वच्छ एवं ताज़ा व्यंजन, पारंपरिक नाश्ते, पौष्टिक खाद्य सामग्री, तथा घर का स्वाद उपलब्ध कराएंगे.
कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम आयुक्त रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, कार्यपालक अभियंता पंकज झा, JSLPS के प्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, स्थानीय उद्योग प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम कर्मी मौजूद रहे. सभी उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और महिला सशक्तिकरण की दिशा में इसके महत्व को रेखांकित किया. आदित्यपुर नगर निगम शी-क्राफ्ट के अंतर्गत कियोस्क तथा उद्यमिता केंद्र स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रहा है.