Chakradharpur: चक्रधरपुर प्रखंड के चैनपुर पंचायत स्थित दांती गांव में रविवार को गोबरी नाला में चेक-डैम के निर्माण का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर विधायक सुखराम उरांव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर और नारियल फोड़कर परियोजना की शुरुआत की।
इस चेक-डैम का कुल खर्च 90 लाख 35 हजार रुपए है, जो डीएमएफटी फंड से वित्तपोषित किया जा रहा है। निर्माण कार्य की निगरानी ग्रामीण विकास प्रमंडल चाईबासा द्वारा की जाएगी।
निर्माण का कार्य एमएस सालोनी कंस्ट्रक्शन द्वारा अगले 11 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर इंजीनियर अमित कुमार और सुजीत कुमार ने बताया कि संवेदक को समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करनी होगी।
विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि इस चेक-डैम के बनने से किसानों और ग्रामीणों को कई फायदे होंगे। उन्होंने बताया कि अब किसान सालभर खेती कर सकेंगे और ग्रामीणों को पानी से जुड़ी अन्य सुविधाएं जैसे स्नान आदि आसानी से उपलब्ध होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी चेक-डैम निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय नेता जय जगन्नाथ प्रधान, दीपक प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने इस परियोजना के लिए उत्साह और समर्थन व्यक्त किया।