Jamshedpur: टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने बताया कि अब टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) को आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ अकाउंट से जोड़ दिया गया है। उन्होंने यह जानकारी टाटा स्टील के विभिन्न लोकेशनों से जुड़े कर्मचारियों के साथ ऑनलाइन बातचीत के दौरान दी। बातचीत में उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की और कर्मचारियों के सवालों के जवाब भी दिए।
एमडी ने बताया कि इस साल Tata Steel Mineral Canada ने रिकॉर्ड स्तर पर माइनिंग की है। वहीं Tata Duraco का स्लैग प्रोडक्ट रांची - कोलकाता हाईवे के प्रमुख निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वेस्ट बोकारो में 400 कर्मचारियों के लिए नए क्वार्टर्स का निर्माण शुरू हो चुका है।
कर्मचारियों के सवाल–जवाब
विभिन्न लोकेशनों के कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। कलिंगानगर के कर्मचारियों ने कहा कि पिछले कई सालों से उन्हें ग्रोथ के अवसर नहीं मिल रहे, जिसके कारण कर्मचारी कंपनी छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं कर्मचारियों के आश्रितों के लिए PME (प्री-एम्प्लॉयमेंट मेडिकल) और डिपेंडेंट मेडिकल सुविधा शुरू करने की भी मांग उठी।
कलिंगानगर कॉलोनी में 800 से अधिक कर्मचारी रहते हैं, लेकिन सुविधायुक्त हेल्थ सेंटर की कमी महसूस की जा रही है। इमरजेंसी में उन्हें टाटा मेडिकल अस्पताल जाना पड़ता है। इसके अलावा ऑक्सीजन प्लांट से होने वाले शोर को लेकर भी चिंता जताई गई।
इन मुद्दों पर चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की ग्रोथ पर काम चल रहा है और अब कलिंगानगर के कर्मचारियों को अन्य लोकेशनों की वैकेंसी में अप्लाई करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कंपनी का एट्रिशन रेट लगभग 8% है और हाल ही में वेतन संरचना में भी सुधार किया गया है।
वाइस प्रेसिडेंट उत्तम सिंह ने बताया कि कलिंगानगर में डिस्पेंसरी खोलने की योजना बन रही है और फिलहाल एक दिन छोड़कर डॉक्टर मेडिकल सेंटर में उपलब्ध रहते हैं। इस पर एमडी ने उनसे कहा कि लिंडे प्लांट की यूरोप स्थित यूनिट में भी ऐसा ही शोर होता है या नहीं, इसकी जांच करें। यदि नहीं, तो कंपनी से शोर कम करने के समाधान की मांग करें।
अन्य सुझाव और फैसले
टीजीएस के एक कर्मचारी ने साकची एल टाउन गेट और कलिंगानगर प्लांट के गेट पर रतन टाटा की प्रतिमा लगाने का सुझाव दिया। इस पर एमडी ने कहा कि रतन टाटा को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम सभी उनके मूल्यों पर चलें। हालांकि, प्रतिमा को लेकर आए सुझावों का मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए गए।
कर्मचारियों ने यह भी कहा कि कॉन्ट्रैक्ट व ऑफिसर कर्मचारियों के लिए मिलने वाली सब्सिडी में अंतर है। इस पर सीपीओ ने कहा कि पॉलिसी के तहत अलग-अलग कैटेगरी के लिए सब्सिडी तय है, लेकिन यदि किसी के पास विशेष सुझाव है तो वह सीधे उनसे मिल सकता है।
ईपीएस हायर पेंशन स्कीम पर प्रस्तुतिकरण की भी मांग की गई, जिस पर वाइस प्रेसिडेंट (अकाउंट्स) संदीपन ने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्टीलियम हॉल में प्रेजेंटेशन आयोजित किया जाएगा। अब तक 5000 में से 900 कर्मचारियों को डिमांड नोट जारी हो चुका है।
टाटा मेटालिक्स के एक कर्मचारी ने बताया कि उनका चयन हो चुका है लेकिन उन्हें पुराने विभाग से रिलीज नहीं किया जा रहा। इस पर सीपीओ ने कहा कि वे स्वयं इस मामले को देख रहे हैं।