Jamshedpur Crime News: टेल्को थाना क्षेत्र से एक गंभीर हमले की घटना सामने आई है, जहां स्थानीय निवासी जय सिंह ने जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित जय सिंह ने बताया कि घटना सोमवार की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की है, जब वह अपने पालतू कुत्ता को लेकर लक्ष्मीनगर रोड नंबर दो स्थित हनुमान मंदिर के पास घूमाने गए थे.
इसी दौरान पंकज शर्मा वहां पहुंचा और बिना किसी वजह के गाली गलौज करने लगा. पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे जय सिंह का कान का उपकरण गिर गया. इसके बाद आरोपी पास की दुकान से लोहे का मोटा रॉड उठा लाया और पीड़ित के सिर पर कई बार वार किया. जय सिंह ने बताया कि हमले के दौरान वह जमीन पर गिर गए और आरोपी ने उनके कुत्ते की सिक्कड़ छीनकर उससे भी वार किया.
हमले में जय सिंह के सिर पर गहरी चोट आई और काफी खून बहा. मौके पर मौजूद मनोज अग्रवाल सहित कुछ लोगों ने बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी उन पर भी गाली गलौज करने लगा. पीड़ित का कहना है कि आरोपी साफ तौर पर जान लेने की नीयत से हमला कर रहा था. जय सिंह ने यह भी बताया कि आरोपी की गाड़ी पर नंबर प्लेट ब्लेंक था.
पीड़ित ने टेलको थाना को आवेदन देकर आरोपी पंकज शर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस आवेदन पर संज्ञान लेकर मामले की जांच कर रही है.
घटना इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है. पीड़ित के अनुसार हमला अचानक और बगैर किसी उकसावे के किया गया. यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह स्पष्ट जानलेवा हमला है. लोहे के रॉड का इस्तेमाल और लगातार वार किए जाना गंभीर आपराधिक मंशा को दर्शाता है. पुलिस की जांच और तत्परता इस मामले में निर्णायक साबित होगी क्योंकि हमलावर के खिलाफ पहले से भी विवाद की आशंकाएं जताई जा रही हैं.