Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 7 पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोहम्मद सैफ, चंदन और शोएब गंभीर रूप में हुई है। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोएब अपनी स्कूटी चला रहा था और पीछे सैफ बैठा हुआ था। दोनों मानगो की ओर जा रहे थे और सड़क पर गति थोड़ी तेज थी। ठीक उसी समय चंदन सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था। अचानक सामने आए चंदन को देखकर शोएब ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण वह स्कूटी पर नियंत्रण नहीं रख सका।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंदन हवा में उछलकर सामने से आ रहे एक टेंपो से जा भिड़ा। वहीं दूसरी ओर स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में बने डिवाइडर में जा फंसी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरन्त मौके पर पहुंची जिसके बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
फिलहाल तीनों का इलाज जारी है और पुलिस दुर्घटना की विस्तृत जांच में जुटी है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों और सड़क सुरक्षा के महत्व को उजागर कर दिया है।