Jharkhand News: झारखंड पुलिस के वाहनों का निजी उपयोग अब पहले से ज्यादा महंगा हो गया है. विभाग ने पेट्रोल, डीजल, ल्युब्रिकेंट और मोटर पार्ट्स की बढ़ी कीमतों को देखते हुए किराया दरों में बदलाव कर दिया है. डीजीपी के आदेश के बाद आईजी प्रोविजन ने नई दरों की अधिसूचना जारी कर दी है. यह संशोधित दरें एक दिसंबर से लागू हो गई हैं.
सफारी, इनोवा और स्कॉर्पियो की नई दर 25 रुपया प्रति किलोमीटर तय की गई है. जेस्ट कार, टाटा टिगोर, बोलेरो, सुमो गोल्ड और एम्बेसडर की दर 12 रुपया प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 16 रुपया कर दी गई है. बोलेरो, सुमो, जीप और जिप्सी की पुरानी दर 10 रुपया प्रति किलोमीटर थी, जिसे बढ़ाकर 12 रुपया कर दिया गया है. टाटा जेनॉन और योद्धा 207 की दर 10 रुपया से बढ़ाकर 20 रुपया कर दी गई है. वहीं टाटा 407, 410 और 709 मिनी बस की दर 16 रुपया से बढ़ाकर 36 रुपया कर दी गई है. बड़ी बस और ट्रक के भाड़े को संशोधित कर 50 रुपया प्रति किलोमीटर कर दिया गया है.
वाहन लेने से पहले अब निर्धारित अग्रिम सुरक्षित राशि जमा करानी होगी. रात में मुख्यालय से बाहर वाहन ले जाने के लिए वरीय पदाधिकारी से अनुमति लेना जरूरी होगा. किसी भी गैर कानूनी उपयोग की स्थिति में चालक के साथ सम्बंधित पुलिस पदाधिकारी या कर्मी पर भी कार्रवाई की जाएगी. वाहन आवंटन सरकारी ड्यूटी के आकलन और उपलब्धता के आधार पर होगा. गाड़ियां केवल पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को ही भाड़े पर दी जाएंगी और वे अपने पैतृक जिले या इकाई से ही वाहन ले सकेंगे. बस और मिनी बस को मुख्यालय से बाहर उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी.
झारखंड पुलिस ने बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए किराया दरों में संशोधन किया है. नए नियमों का मकसद वाहनों के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और दुरुपयोग पर रोक लगाना है, जिससे प्रशासनिक संसाधनों का सही उपयोग हो सके.