Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के जादूगोड़ा स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) में कार्यरत ठेका मजदूरों ने अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। मंगलवार को प्रबंधन के साथ हुई बैठक में कोई नतीजा नहीं आने के बाद मजदूरों ने आंदोलन का निर्णय लिया था।
हड़ताल के समर्थन में हुई नारेबाजी
बुधवार सुबह बड़ी संख्या में ठेका मजदूर कंपनी के मुख्य द्वार पर एकजुट हुए और हड़ताल के समर्थन में नारेबाजी की। हड़ताल का सीधा असर यूसीआईएल के कई विभागों के कामकाज पर स्पष्ट रूप से देखने को मिला। इस आंदोलन का नेतृत्व झामुमो के जिला संयोजक प्रमुख और मजदूर नेता बाघराय मार्डी कर रहे हैं।
मजदूरों की प्रमुख मांगे
मजदूरों की प्रमुख मांगों में मृतक कर्मचारियों रांबे सोरेन और जून माहली के आश्रितों को तत्काल नौकरी देना, ठेका कर्मी अजय मुर्मू और दारासिंह नायक की मृत्यु से संबंधित तिथियों में संशोधन कर बीमा व अन्य लाभ उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा विस्थापित परिवारों की लंबित नियुक्ति सूची (क्रम संख्या 13 से 24) जारी करने, ईएल भुगतान तथा छुट्टी कटौती पर रोक लगाने, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, कार्य के दौरान दुर्घटना में मृतक के आश्रितों को तुरंत नियुक्ति देने और ठेका कर्मियों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई है।